ब्रिटेन के समाचारपत्र संडे टाइम्स ने समाचार दिया है कि अमेरिका में ब्रिटिश राजदूत किम डैरेक के लीक हुए ई-मेल के संबन्ध में एक व्यक्ति की पहचान की गई है। संडे टाइम्स ने सरकार के एक अज्ञात स्रोत के हवाले से रिपोर्ट दी है कि उस व्यक्ति की पहचान कर ली गई है कि जिसने अमेरिका में तैनात ब्रिटेन के राजदूत के ई-मेल लीक करवाए थे। ब्रिटिश सरकार के इस अज्ञात सूत्र ने संडे टाइम्स को बताया कि वे जानते हैं कि किसने इन गोपनीय ई-मेल्स को लीक किया। उन्होंने कहा कि अभी हम न्यायालय के लिए आवश्यक प्रमाण एकत्रित कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस संदिग्ध व्यक्ति ने राजदूत की फाइलों तक पहुंच बना ली थी।
ज्ञात रहे कि अमरीका में तैनात ब्रिटिश राजदूत के कुछ कूटनीतिक ई-मेल के लीक होने के बाद गहरा विवाद खड़ा हो गया है जिनमें ट्रंप प्रशासन को ''अकुशल और अनाड़ी" बताया गया था। इसपर अमरीकी राष्ट्रपति की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया के बाद ब्रिटेन के राजदूत किम डोरेच ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था। उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन के राजदूत के ई-मेल लीक होने के बाद से ब्रिटेन और अमरीका के संबन्ध बहुत तनावपूर्ण हो गए हैं।